भारतीय रेलवे और सेना ने शुरू किया “सहयोग का ढांचा”, अग्निवीरों के लिए रोजगार का अनोखा अवसर

भारतीय रेलवे और भारतीय सेना ने "सहयोग का ढांचा" पहल शुरू की, जिसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए रेलवे में रोजगार के अवसर प्रदान करना और नागरिक जीवन में सुगम संक्रमण सुनिश्चित करना है।

भारतीय रेलवे और भारतीय सेना ने मिलकर एक महत्वपूर्ण पहल “सहयोग का ढांचा” शुरू किया है, जिसका उद्देश्य अग्निवीरों और सेवारत/सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के लिए रेलवे में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना और उन्हें सैन्य सेवा से नागरिक जीवन में सुगम संक्रमण प्रदान करना है।

यह पहल रेलवे में उपलब्ध नौकरियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए एक समर्पित सहायता प्रणाली स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस ढांचे के तहत, पूर्व सैनिकों और पूर्व अग्निवीरों के लिए विशेष आरक्षण व्यवस्था की गई है, जो उन्हें रेलवे में रोजगार पाने में मदद करेगा।

पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण:

  • लेवल-2 और ऊपर के पदों में 10%
  • लेवल-1 के पदों में 20%

पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण:

  • लेवल-2 और ऊपर के पदों में 5%
  • लेवल-1 के पदों में 10%

इसके अतिरिक्त, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) और रेलवे भर्ती केंद्रों (RRC) के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के द्वारा इन पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके तहत वर्ष 2024 और 2025 में कुल 14,788 पदों पर भर्ती का अनुमान है, जिसमें 6,485 लेवल-1 और 8,303 लेवल-2/ऊपर के पद शामिल हैं।

रेल मंत्रालय ने यह भी निर्णय लिया है कि जब तक नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, पूर्व सैनिकों को संविदा आधार पर ‘पॉइंट्समैन’ के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इस हेतु 5,000 से अधिक पदों पर भर्ती की योजना बनाई गई है, और पहले ही देश के 9 रेलवे मंडलों ने सेना संगठनों के साथ MoU साइन किए हैं।

Related Articles

Back to top button