
इंडोनेशिया में हुए राष्ट्रपति चुनाव में बुधवार को मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया. नया राष्ट्रपति चुनने के लिए मतदान के बाद वोटों की गिनती भी शुरु हो गई. शुरुआती रुझान आने के बाद प्रबोवो सुबियांतो ने आंकड़ों के आधार पर राष्ट्रपति चुनाव में जीत का दावा किया गया. तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री प्रबोवो सुबियांतो ने 58 फीसदी मतों के साथ प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली है.
रुझानों के बाद सुबियांतो ने अपनी जीत का एलान करते हुए कहा कि वे देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे. हालांकि, जानकारी के लिए आपको बता दें कि सुबियांतो को देश में लोकतंत्र विरोधी नेता के तौर पर जाना जाता है.इंडोनेशिया के करीब 20 करोड़ लोगों ने अपना राष्ट्रपति चुनने के लिए बुधवार को मतदान किया था. कुल पंजीकृत मतदाताओं में से 80 फीसदी ने मतदान का प्रयोग किया.
हालांकि मतगणना के बाद चुनाव अधिकारियों की ओर से इसे लेकर कोई भी अधिकारिक घोषणा भी नहीं की गई है. इसके दूसरी तरफ राष्ट्रपति पद के चुनाव के साथ उपराष्ट्रपति और संसदीय प्रतिनिधियों के चुने जाने के लिए भी वोट डाले गए थे. केंद्रों से शुरुआती रुझान और अनौपचारिक परिणाम जल्दी ही मिलने की उम्मीद है लेकिन आधिकारिक और अंतिम नतीजे करीब एक महीने में आएंगे.









