
आज देश में आठवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। योग से मनुष्य स्वस्थ रहता है, साथ ही फिट रहकर वो लंबे जीवन को प्राप्त करता है। साथ ही यदि नियमित योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना लिया जाए तो कई प्रकार के रोगों से खुद को बचाया जा सकता है साथ ही शरीर में ऊर्जा बरकरार रहती है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के पैलेस गार्डन में करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया। इस दौरान पीएम बोले, देश और विश्व भर के सभी लोगों को 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज योग दिवस के अवसर पर मैं कर्नाटक की सांस्कृतिक राजधानी, आध्यात्म और योग की धरती मैसूरु को प्रणाम करता हूं।
मैसूर जैसे भारत के आध्यात्मिक केन्द्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वो योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है। आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है। आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है।
इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है, #YogaForHumanity. मैं इस थीम के जरिए योग के इस संदेश को पूरी मानवता तक पहुंचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र का और सभी देशों का हृदय से धन्यवाद करता हूं।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी हमने इस बार “Guardian Ring of Yoga” का ऐसा ही अभिनव प्रयोग विश्व भर में हो रहा है। दुनिया के अलग-अलग देशों में सूर्योदय के साथ, सूर्य की गति के साथ, लोग योग कर रहे । योग की ये अनादि यात्रा अनंत भविष्य की दिशा में ऐसे ही चलती रहेगी। हम सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया के भाव के साथ एक स्वस्थ और शांतिपूर्ण विश्व को योग के माध्यम से भी गति देंगे।