
IPL 2026: आईपीएल 2026 की शुरुआत काफी रोमांचक रही है। पहले 11 मैचों में कुछ मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, तो कुछ मैचों में गेंदबाजों ने अपनी ताकत दिखाई। 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 11वां लीग मैच खेला गया। जहां कुछ मैचों में 200 से ज्यादा रन बने, वहीं कुछ मुकाबलों में गेंदबाजों ने मैच में अपने जादू से हावी होकर मैच का रुख बदल दिया।
जहां एक ओर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को ऑरेंज कैप से दूर रहना पड़ा, वहीं 22 साल के एक युवा खिलाड़ी ने इस सीजन को शानदार तरीके से शुरू किया।
ऑरेंज कैप
अब तक खेले गए 11 मैचों के बाद, दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी के सिर पर ऑरेंज कैप है। समीर ने 2 मैचों में 160 रन बनाए हैं, और उनकी औसत 160 की रही है। दोनों ही मैचों में उन्होंने 50 रन का आंकड़ा पार किया। वहीं, दूसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 145 रन के साथ हैं। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 113 रन बनाए हैं। चौथे स्थान पर देवदत्त पडिक्कल (111 रन) और पांचवे स्थान पर कूपर कोनोली (108 रन) हैं।
पर्पल कैप
अगर बात करें पर्पल कैप की, तो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में 11 मैचों के बाद रवि बिश्नोई का नाम सबसे ऊपर है, जिन्होंने 5 विकेट झटके हैं। हालांकि, बिश्नोई के अलावा विजयकुमार वैशाक, जैकब डफी और अंशुल कंबोज के नाम पर भी 5-5 विकेट हैं। 4 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की संख्या भी काफी लंबी है।
इस बार के आईपीएल में युवाओं का दबदबा देखने को मिल रहा है, और इस तरह की शानदार शुरुआत से यह सीजन और भी रोमांचक होने वाला है।









