
आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर बड़ी भविष्यवाणी सामने आई है। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने उम्मीद जताई है कि इस सीजन रोहित शर्मा शानदार प्रदर्शन करेंगे और अपने पुराने फॉर्म में वापसी करेंगे।
मुंबई इंडियंस 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम के छठे खिताब की उम्मीदों में रोहित शर्मा की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। हाल के वर्षों में आईपीएल में रोहित का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन इस बार उनकी फिटनेस और मानसिक स्थिति को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
रोहित शर्मा अब इंटरनेशनल टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में यह उनका पहला सीजन होगा जब वह सिर्फ एक फॉर्मेट पर फोकस करेंगे। अश्विन का मानना है कि यह बदलाव रोहित के खेल पर सकारात्मक असर डाल सकता है।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि इस बार रोहित शर्मा पूरी तरह से फ्रेश और फिट नजर आ रहे हैं। उनके पास पर्याप्त ब्रेक है और वह बेहतर मानसिक स्थिति में हैं, जिससे वह इस सीजन गेंदबाजों पर आक्रामक तरीके से हावी हो सकते हैं।
अगर रोहित के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 272 मैचों में 7046 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि पिछले कुछ सीजन में उनका प्रदर्शन लगातार गिरा है। 2016 के बाद से वह एक भी 450+ रन का सीजन नहीं खेल पाए हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 418 रन बनाए थे।
अश्विन का मानना है कि यह सीजन रोहित के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका है। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई इंडियंस ने इस बार बेहद मजबूत टीम बनाई है और अगर टीम टॉप-2 में जगह नहीं बनाती है तो यह बड़ा उलटफेर होगा।
मुंबई इंडियंस के पास रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, वहीं टिलक वर्मा, विल जैक्स और मिचेल सैंटनर जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं।
अश्विन ने यह भी कहा कि इस सीजन में मुंबई इंडियंस को आरसीबी से कड़ी टक्कर मिल सकती है, लेकिन टीम के पास टॉप-2 में पहुंचने की पूरी क्षमता है।









