
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की चाकुलिया पुलिस ने एक ऐसे शातिर और अनोखे ‘बकरी चोर गिरोह’ का भंडाफोड़ किया है, जिसकी कार्यप्रणाली किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। यह गिरोह लग्जरी कार में घूमता था और बकरियों को ब्रेड का लालच देकर उनका ‘किडनैप’ कर लेता था। पुलिस ने तीन थानों की नाकेबंदी और एक साहसी ग्रामीण की मदद से गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है।
साहसी युवक ने क्षतिग्रस्त कार से किया पीछा
घटना शनिवार शाम की है, जब चाकुलिया नगर पंचायत की मुस्लिम बस्ती से कार सवार अपराधी छह बकरियां चुराकर भाग रहे थे। स्थानीय युवक मोहम्मद निहाल ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी कार से चोरों का पीछा किया। बदमाशों ने निहाल की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन निहाल ने पीछा नहीं छोड़ा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
तीन थानों की नाकेबंदी में फंसा आरोपी
चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार की सूचना पर धालभूमगढ़ और घाटशिला पुलिस ने एनएच-18 पर जबरदस्त नाकेबंदी कर दी। घाटशिला के तामुकपाल के पास पुलिस ने संदिग्ध कार को घेर लिया और कपाली निवासी मोहम्मद निशाद अंसारी उर्फ दानिश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
लेडी डॉन रूबी खान है मास्टरमाइंड
एसएसपी (SSP) पीयूष पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार दानिश महज ड्राइवर है, जबकि इस गिरोह की असली सरगना कपाली की रहने वाली ‘रूबी खान’ है। गिरोह के पास से चोरी की 6 बकरियां, एक लग्जरी कार, आईफोन, फर्जी नंबर प्लेट और ब्रेड के पैकेट बरामद हुए हैं। यह गिरोह लावारिस बकरियों को ब्रेड खिलाकर पास बुलाता था और फिर उन्हें कार में लादकर फरार हो जाता था। पुलिस अब फरार लेडी डॉन और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।









