2022 चुनाव में साइकिल को ही अपनी पहली पसंद बनाएगी जनता – अखिलेश यादव

शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर कई सवाल खड़े किये। उन्होंने जनता के मुद्दों पर योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता साइकिल को ही अपनी पहली पसंद बनाने जा रही है।

शनिवार को मीडिया से वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति कभी इतनी खराब नहीं रही जितनी आज है। पुलिस का उत्पीड़न बढ़ा है। कोई न्याय देने वाला नही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदान और मतगणना के समय सतर्क एवं सजग रहने की सीख देते हुए कहा कि भाजपा चुनाव से पहले कुछ भी कर सकती है।

अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा ने अभी तक कोई काम नहीं किया है। रंग बदलने, नाम बदलने और उद्घाटन का उद्घाटन तथा शिलान्यास का शिलान्यास करने के अलावा उसने कुछ नहीं किया है। भाजपा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकरनगर के सिद्धांत नहीं मान रही है। वह सब कुछ बेचना चाहती है।

Koo App
#Lucknow ➡सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान ➡प्रदेश में कोई न्याय देने वाला नहीं है – अखिलेश ➡प्रदेश में पुलिसिया उत्पीड़न बढ़ा है – अखिलेश ➡चुनाव से पहले BJP कुछ भी कर सकती है-अखिलेश ➡BJP बाबा साहेब के सिद्धांत नहीं मान रही-अखिलेश ➡सभी जातियों को सम्मान मिलना चाहिए- अखिलेश ➡जातीय जनगणना सपा सरकार में होगी- अखिलेश।
भारत समाचार (@bharatsamachar) 6 Nov 2021

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार मेट्रो का एक स्टेशन नहीं बना पाई है। मुख्यमंत्री जिस जेल का इटावा में उद्घाटन करने जा रहे हैं, सपा के ही काम का उद्घाटन करेंगे। जेल को जोड़ने वाली सड़क की दशा खराब है, वह सड़क भी नहीं बना सके हैं। भाजपा का एक ही काम है, बड़े पैमाने पर पैसे बांटकर वोट खरीदना। अब मुख्यमंत्री और उनकी सरकार बस जाने वाली है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री विदेश में पर्यावरण सुधारने का वादा कर आए हैं लेकिन यहां भाजपा के लोग जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। पेड़ कटवा रहे हैं। सरकार चैनलों में सही खबर चलने पर दबाव बनाती है और पत्रकारों के खिलाफ मुकदमें भी दर्ज हो रहे हैं। महंगाई चरम पर है। डीजल-पेट्रोल के दाम कम करके जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

मीडिया से वार्ता करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में दलितों, पिछड़ों सहित सबको जोड़ने का काम हुआ। हमारा विचार है कि सभी जातियों को सम्मान मिलना चाहिए। उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना समाजवादी सरकार में होगी। सभी जातियों को समानुपातिक आधार पर उनका हक और सम्मान दिया जाएगा। भाजपा केवल अपने स्वार्थ के लिए झगड़ा करवाती है। डिफेंस एक्सपो जब लगा तब गोमती नदी को सजाया गया था लेकिन निवेश कहां गया? कितने लोगों को जॉब मिला, कितने कारखाने खुले?

वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में समाज के सभी वर्गो के साथ अन्याय हो रहा है। किसान, नौजवान, मजदूर सभी परेशान हैं। महिलाओं को लगातार अपमानित किया जा रहा है। जनता अब भाजपा से बुरी तरह ऊब चुकी है और वह जल्दी से जल्दी उससे छुटकारा पाना चाहती है। सन 2022 में जनता साइकिल को ही अपनी पहली पसंद बनाने जा रही है।

Related Articles

Back to top button