बिहार के झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ में जीता कांस्य पदक, पिता बोले- रातभर जागकर मोबाइल पर देखा बेटे का मुकाबला

हरनौत/नालंदा। राष्ट्रमंडल खेल (ग्लासगो 2026) की पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बिहार के लाल झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और अपने गृह क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल बिहार और नालंदा, बल्कि पूरे देश में खुशी का माहौल है।

रोमांचक मुकाबले में मिली कामयाबी

ग्लासगो में आयोजित मेंस हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बेहद कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 अंक के साथ स्वर्ण और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 अंक के साथ रजत पदक जीता। भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे झंडू कुमार ने 130.9 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया और देश की झोली में कांस्य पदक डाला। स्वर्ण और रजत से मामूली अंतर से चूकने के बावजूद उनका यह पदक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

रातभर जागकर देखते रहे परिवार

झंडू कुमार की सफलता से उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीण और शुभचिंतक लगातार उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं। पिता रामानंद पासवान ने भावुक होकर बताया कि वे पूरी रात सो नहीं पाए और मोबाइल पर बेटे का मुकाबला देखते रहे। उन्होंने कहा कि बेटे की जीत उनके जीवन का सबसे गर्व का पल है।

भाई कुंदन कुमार ने बताया कि पूरा परिवार रात 9 बजे से ही मुकाबला देख रहा था और जैसे ही झंडू ने पदक जीता, पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता कमला देवी ने कहा कि उन्होंने हमेशा बेटे को तिरंगा लहराने और देश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया था, जो आज साकार हो गया।

सरकारी सहायता न मिलने का दर्द

एक ओर जहां झंडू की उपलब्धि पर पूरा देश गर्व कर रहा है, वहीं उनके परिवार ने सरकारी सहायता न मिलने की पीड़ा भी साझा की। पिता ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए परिवार को किसी प्रकार की सरकारी आर्थिक सहायता या स्थानीय प्रशासन का सहयोग नहीं मिला। यहां तक कि इंदिरा आवास योजना या प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी बुनियादी योजनाओं का भी लाभ नहीं मिल पाया। इसके बावजूद झंडू ने अपने संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

खेल जगत ने दी बधाई

झंडू कुमार की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर खेल जगत में खुशी की लहर है। नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एवं कोच कुंदन कुमार पांडे, बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव संदीप कुमार, हरनौत के खेलप्रेमियों और बिहार के विभिन्न खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि झंडू भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्णिम सफलता हासिल करेंगे।

Related Articles

Back to top button