
झांसी। जिले के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर चौकी अंतर्गत देवरी सिंह पुरा गांव में मंगलवार को जल तर्पण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी के चाचा काशी प्रसाद तिवारी का पटा श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे अनूप तिवारी अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी (25), श्रेयांश तिवारी (21) और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला (23) के साथ सुखनई नदी में पूर्वजों को जल तर्पण करने गए थे। इसी दौरान अचानक अनूप तिवारी का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगे।
बचाने उतरे तो सभी बहे
अनूप को डूबता देख उनके साथ गए अर्पित, अभिनव, श्रेयांश और पुष्कर उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए, लेकिन इसी कोशिश में चारों का भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पांचों लोग नदी की धार में बहने लगे और पानी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए।
रेस्क्यू अभियान में निकाले गए शव
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव का प्रयास किया, लेकिन पांचों का पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही मऊरानीपुर एसडीएम, सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और ग्रामीण गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पांचों को नदी से बाहर निकाला गया और मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही देवरी सिंह पुरा समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।









