झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में ली अंतिम सांस

रांची: झारखंड से बेहद दुखद खबर सामने आई है। झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया है। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक के बाद हुई।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में निधन

मिली जानकारी के मुताबिक सुदिव्य कुमार सोनू की शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें गिरिडीह के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सामने आते ही गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई।

गिरिडीह में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। गिरिडीह विधायक के तौर पर वह झारखंड की राजनीति में प्रमुख चेहरों में शामिल थे।

JMM ने जताया गहरा दुख

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गहरा दुख जताया। पार्टी ने उनके निधन को झामुमो परिवार, सरकार और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उनके संघर्ष, सेवा तथा योगदान को याद किया।

JMM ने अपने संदेश में कहा कि पार्टी उनके असामयिक निधन से स्तब्ध और मर्माहत है। पार्टी की ओर से दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और शोकाकुल परिवार व साथियों को इस कठिन समय में संबल मिलने की कामना की गई।

झारखंड सरकार में कई विभागों की जिम्मेदारी

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में मंत्री थे और गिरिडीह से विधायक थे। उनके पास उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य से जुड़े विभागों की जिम्मेदारियां थीं।

Related Articles

Back to top button