जेपी नड्डा का बड़ा बयान, कहा ‘जिनकी बागेश्वर धाम में आस्था, उन्हें जाना चाहिए’

मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में नेताओं की आवाजाही जारी है। दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी से लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बागेश्वर धाम जा चुके हैं। इस बीच बागेश्वर धाम को लेकर नेताओं के बयानबाजी का सिलसिला भी जारी है।

नेताओं की बयानबाजी के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने बयानों को लेकर पार्टी के सांसदों को सख्त हिदायत दी है। सूत्रों के मुताबिक नड्डा ने शुक्रवार को पार्टी सांसदों की ऑनलाइन बैठक ली। बैठक में जेपी नड्डा ने सांसदों को विवादित और धार्मिक मुद्दों पर बयानबाजी नहीं करने की सख्त हिदायत दी। बीजेपी अध्यक्ष ने पार्टी सांसदों से कहा कि पार्टी के अधिकृत प्रवक्ता ही धार्मिक मुद्दों पर बयान देंगे। उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक मामले, सनातन धर्म जैसे विषय, जिनसे वे संबंधित हैं, उन पर गौर किया जाएगा। लेकिन राजनीतिक लोगों को इसमें नहीं पड़ना चाहिए और बयान नहीं देना चाहिए।

आगे जेपी नड्डा ने कहा कि जिन नेताओं की बागेश्वर धाम में आस्था है उन्हें जाना चाहिए। लेकिन बिना वजह बयान देने से बचें। नड्डा ने आगे कहा कि बजट-अध्यक्ष के अभिभाषण पर जनता के बीच जाइए और प्रेस कॉन्फ्रेंस कीजिए। उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय संगठन के साथ मिलकर बूथों और सत्ता केंद्रों को मजबूत करें।

नड्डा ने यह भी कहा कि सांसद खेल आयोजन समेत अन्य कार्यक्रमों को पूरा करें. एक दिन पहले 16 फरवरी को मनोज तिवारी बागेश्वर धाम में चल रहे ‘धार्मिक महाकुंभ’ पहुंचे थे। उन्होंने स्टेज पर भोजपुरी गाने गाए। मनोज तिवारी ने मंच से बागेश्वर धाम की महिमा गाई और सुनाई थी। उनके गीतों को सुनकर बागेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। मनोज तिवारी ने कहा था कि उन्होंने भारत की संस्कृति को फैलाने के लिए बागेश्वर धाम से मन्नत मांगी है। हिंदू राष्ट्र की बात पर मनोज तिवारी ने कहा था कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इसी तरह सत्य सनातन को आगे बढ़ाते रहें। हिंदू राष्ट्र पर उनके विचार अच्छे हैं।

Related Articles

Back to top button