बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं कालीन भैया और मुन्ना भैया… फरहान अख्तर ने मिर्ज़ापुर ट्रेलर लॉन्च पर किया बड़ा खुलासा… जानें रिलीज डेट…

'मिर्ज़ापुर: द मूवी' का ट्रेलर लॉन्च हो गया है। फरहान अख्तर ने बताया कि यह फिल्म फैंस की डिमांड पर आ रही है। जानिए फिल्म की रिलीज डेट और स्टार कास्ट।

लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्ज़ापुर’ के दीवानों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आ गई है। मेकर्स ने इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी को अब बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली है और इसका शानदार ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान एक्टर-प्रोड्यूसर फरहान अख्तर ने खुलकर बात की और बताया कि आखिर क्यों मेकर्स को ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ बनाने का फैसला लेना पड़ा।

फरहान अख्तर ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह फिल्म पूरी तरह से दर्शकों और फैंस की “डिमांड” का नतीजा है। उन्होंने बताया कि जब से यह सीरीज रिलीज हुई है, लोगों ने इसे जबरदस्त प्यार दिया है। फरहान ने कहा, “मैं जहां भी जाता था, लोग मुझसे पूछते थे कि मिर्ज़ापुर कब आ रहा है? जब इसकी घोषणा हुई, तो फैंस लगातार रिलीज डेट के बारे में पूछते थे। इसलिए असल मायनों में यह फैंस की ही डिमांड थी कि इस कहानी को बड़े पर्दे पर लाया जाए।”

क्या होगी फिल्म की कहानी और कास्ट?

‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ के ट्रेलर से साफ है कि फिल्म की कहानी सीजन 1 की दुनिया से काफी आगे निकल चुकी है। इस बार गद्दी की रेस में कई नए दावेदार भी शामिल हो रहे हैं, जो पुराने पावर डायनामिक्स को कड़ी टक्कर देते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग का दायरा भी काफी बड़ा है, जिसमें मिर्ज़ापुर की दुनिया पूर्वांचल से निकलकर रेगिस्तान और अन्य बड़े सिनेमाई माहौल तक पहुंचती है।

फिल्म में पुराने और चहेते किरदारों के साथ-साथ कई नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे। पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), दिव्येंदु (मुन्ना भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) के अलावा फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह समेत एक लंबी स्टार कास्ट नजर आएगी।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है, जबकि पुनीत कृष्णा ने इसकी कहानी लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा प्रोड्यूस की गई यह मच-अवेटेड फिल्म 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button