
कानपुर। उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश का असर रविवार को ट्रेनों की रफ्तार पर साफ देखने को मिला। कानपुर सेंट्रल होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचीं, जिसके कारण स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कौन-कौन सी ट्रेनें रहीं प्रभावित?
ट्रेन नंबर 20817 नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस रविवार सुबह अपने निर्धारित समय 4:35 बजे के बजाय एक घंटे 20 मिनट की देरी से 5:55 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची। इसी तरह गोरखपुर जाने वाली 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस भी एक घंटे 20 मिनट की देरी से स्टेशन पर पहुंची। प्रयागराज की ओर जाने वाली कई अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से संचालित हुईं।
गोरखपुर रूट की दो ट्रेनें कैंसिल
बारिश के प्रभाव को देखते हुए गोरखपुर की ओर जाने वाली दो ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। ट्रेनों के लगातार विलंब और रद्द होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती गई और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।









