
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुजैनी थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस को लगातार चोरी की घटनाओं की सूचना मिल रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी शौक और अय्याशी के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये आरोपी काफी समय से इलाके में सक्रिय थे और घरों व दुकानों को निशाना बना रहे थे।
गुजैनी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी करेंसी भी बरामद हुई, जिसमें 81 अमेरिकी डॉलर और 15 दिरहम शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई दो बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।









