कानपुर में खाकी को खुली चुनौती, पनकी थाने में सीज खड़ा डंपर हुआ चोरी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पनकी थाना पुलिस की एक बेहद हैरान करने वाली और बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरटीओ (RTO) द्वारा सीज करके सुरक्षित रखने के लिए थाने के परिसर में खड़ा कराया गया एक भारी-भरकम डंपर वहां से रहस्यमय तरीके से चोरी हो गया। थाने के भीतर से ही सीज वाहन के गायब होने की खबर फैलते ही कानपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब आरटीओ विंध्याचल गुप्ता ने चेकिंग के दौरान शनिवार सुबह करीब 7 बजे इस डंपर को सीज किया था और लिखापढ़ी के बाद उसे पनकी थाने की सुपुर्दगी में खड़ा कराया था। लेकिन कुछ ही देर बाद डंपर वहां से गायब मिला। हरकत में आई पुलिस ने जब थाने और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो सच सामने आ गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए अगले दिन शाम को इस डंपर को बिधनू इलाके से सकुशल बरामद कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने बिना अनुमति और अवैध तरीके से सरकारी कस्टडी से वाहन हटाने के आरोप में डंपर के चालक अरविंद और अज्ञात वाहन स्वामी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस डंपर का असली मालिक खुश अली है, जबकि वर्तमान समय में इसका संचालन अबू सलीम नाम का व्यक्ति कर रहा था। पुलिस अब डंपर मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button