कानपुर : नही हो पाई शव को शिनाख्त, तो चार साल बाद पुलिस ने दफनाया मानव कंकाल

साढ़ थाना क्षेत्र की भीतरगांव चौकी में बीते करीब चार साल से रखे मानव कंकाल को रविवार को पुलिस ने दफनवा दिया। कंकाल बेहटा बुजुर्ग गांव में...

साढ़ थाना क्षेत्र की भीतरगांव चौकी में बीते करीब चार साल से रखे मानव कंकाल को रविवार को पुलिस ने दफनवा दिया। कंकाल बेहटा बुजुर्ग गांव में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। शरीर के नाम पर सिर्फ कंकाल बचने से डीएनए जांच के लिए सैंपल झांसी लैब भेजा गया था। लेकिन, इतने वर्षों में किसी के दावा न करने के चलते पुलिस ने रिंद नदीं के किनारे दफनवा दिया।

30 सितंबर 2020 को बेहटा बुजुर्ग गांव में खेत किनारे लगे नीम के पेड़ पर शव मिलने की खबर पर पुलिस पहुंची थी। शव के नाम पर सिर्फ कंकाल बचा था। अनुमान था कि शव करीब 20 से 25 दिन पुराना था। पास में से सिर्फ नीचे रखी चप्पलें मिली थीं। इसके अलावा कुछ ऐसा नहीं मिला था, जिससे शव की शिनाख्त हो जाती। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो उसके सैंपल लेकर डीएनए जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला झांसी भेजा गया।

इसके साथ ही कंकाल को सुरक्षित रखने का आदेश मिला तो एक ताबूत में भरकर उसे भीतरगांव चौकी में ही रख दिया गया। शिनाख्त न होने और किसी के दावा न करने के चलते ताबूत करीब चार सालों तक यहीं रखा रहा। साढ़ इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि इस मामले में विधिक राय ली गई थी। डीएनए सैंपल सुरक्षित है, लेकिन अभी तक कोई दावेदार नहीं मिला, जिससे उसका मिलान किया जा सकता। विधिक राय के बाद फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराते हुए कंकाल को रिंद नदीं के किनारे दफनाया गया है।

Related Articles

Back to top button