करण औजला ने दिल्ली से शुरू किया P-POP CULTURE इंडिया टूर 2026, 75 हजार फैंस के बीच धमाकेदार शो

दिल्ली के बाद करन औजला 3 मार्च को मुंबई और पुणे में होली स्पेशल शो करेंगे। इसके बाद 7 मार्च को अहमदाबाद, 14 मार्च को चंडीगढ़, 21 मार्च को इंदौर और 29 मार्च को बेंगलुरु में परफॉर्म करेंगे।

नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर करण औजला ने अपने बहुप्रतीक्षित P-POP CULTURE इंडिया टूर 2026 की शुरुआत राजधानी दिल्ली से शानदार अंदाज में की। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस कॉन्सर्ट में 75 हजार से ज्यादा फैंस मौजूद रहे।

करण औजला ने स्टेज पर एंट्री भी बेहद खास अंदाज में की। वह अपने हिट गाने “On Top” परफॉर्म करते हुए भीड़ के ऊपर से ज़िप-लाइन के जरिए मंच तक पहुंचे, जिसे देखकर फैंस रोमांचित हो उठे। पूरे शो के दौरान उन्होंने अपने कई लोकप्रिय गाने गाए और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कॉन्सर्ट के बाद औजला ने इंस्टाग्राम पर शो की झलकियां साझा कीं। ‘Winning Speech’ हिटमेकर ने कैप्शन में लिखा, “Does this look sold out to you? DELHI SHUTDOWN.”

दिल्ली की मुख्यमंत्री से की मुलाकात

कॉन्सर्ट से पहले करण औजला ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि ऐसे कलाकार सिर्फ परफॉर्म नहीं करते, बल्कि पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब केवल संस्कृति का हिस्सा नहीं, बल्कि उसके भविष्य को आकार दे रही है।

11 शहरों में होगा टूर

दिल्ली के बाद करन औजला 3 मार्च को मुंबई और पुणे में होली स्पेशल शो करेंगे। इसके बाद 7 मार्च को अहमदाबाद, 14 मार्च को चंडीगढ़, 21 मार्च को इंदौर और 29 मार्च को बेंगलुरु में परफॉर्म करेंगे।

अप्रैल में 3 अप्रैल को कोलकाता, 5 अप्रैल को जयपुर, 10 अप्रैल को लखनऊ और 12 अप्रैल को लुधियाना में कॉन्सर्ट होंगे। यह इंडिया टूर कुल 11 शहरों को कवर करेगा।

P-POP CULTURE टूर उनके ग्लोबल टूर का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 2025 के अंत में अबू धाबी से हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम में शो आयोजित किए गए।

दिल्ली में हुए इस भव्य आयोजन ने साफ कर दिया है कि करन औजला का इंडिया टूर 2026 फैंस के लिए यादगार बनने वाला है।

Related Articles

Back to top button