
दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर पर उनके बच्चों ने दिल्ली हाई कोर्ट में संपत्ति विवाद को लेकर केस दायर किया है। प्रिया कपूर पर आरोप है कि उन्होंने संजय कपूर की वसीयत में हेराफेरी की है। इस बीच प्रिया कपूर एक और विवाद में फंस गई हैं, जो आरके ट्रस्ट से जुड़ा है। हाल ही में प्रिया कपूर ने अपनी सास रानी कपूर को इस ट्रस्ट से बाहर कर दिया, जिस पर रानी कपूर ने खुलकर अपनी बात रखी और कई गंभीर आरोप लगाए।
रानी कपूर ने कहा, “मैं संजय के बहुत करीब थी, वह कभी भी बिना मुझे बताए छुट्टी पर नहीं जाते थे। मुझे नहीं पता कि प्रिया कपूर ने संजय को कैसे ब्लैकमेल किया और कैसे उसे इसके लिए राजी किया। संजय ने दो अच्छी लड़कियों से शादी की थी, जो अच्छे परिवारों से आती थीं। वह लड़कियां मेरी जिम्मेदारी हैं। मेरे साथ हमेशा रहने वाली दो बच्चियाँ, जो संजय और करिश्मा की संतान हैं, उन बच्चों की मैं देखभाल करूंगी। प्रिया का एक बच्चा है, जो मेरी जिम्मेदारी नहीं है।”
रानी कपूर ने ट्रस्ट से निकाले जाने के बारे में कहा, “आरके ट्रस्ट फैमिली ट्रस्ट है और यह मेरे नाम पर है। क्या वह (प्रिया कपूर) मुझे ट्रस्ट से निकाल सकती है? ट्रस्ट मेरे नाम पर है। क्या वह ऐसा कर सकती है? उसे जो करना है, करने दो। हो सकता है वह मुझे इस दुनिया से ही निकालना चाहती हो, ताकि सब कुछ उसे मिल सके। लेकिन सब कुछ मेरा है, जिसे मेरे पति ने बनाया है। प्रिया का बर्ताव मुझे बहुत निराश करता है। उसे लगता है कि सब कुछ उसी का है, लेकिन वह सब कुछ नहीं ले सकती, और इस दुनिया में इंसाफ होगा। उसे बाहर ही रहना होगा।”









