
पटना। बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग कारोबार से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मशहूर कोचिंग शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान पर निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस से क्या गुहार लगाई?
निखिल कुमार ने पटना सिटी के एसडीपीओ-1 और पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने दावा किया है कि खान सर से जुड़े लोग उनकी रेकी कर रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले की जांच का जिम्मा SDPO-1 राजकिशोर को सौंपा गया है।
पैसे का ऑफर ठुकराया तो शुरू हुई रेकी
निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि जब उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने खान सर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, तो उसमें उनका नाम भी शामिल था। उसका खुलकर सपोर्ट करने पर खान सर ने उन्हें बुलाकर पैसे की लेनदेन की बात की और मामले में चुप रहने को कहा। जब उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया, तो उसके बाद से खान सर के लोग उनकी रेकी कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि पीछे हट जाइए वरना पछताना पड़ेगा।
कई लड़कियों के शोषण का दावा
निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि खान सर कई लड़कियों के साथ शोषण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सात से आठ लड़कियां हैं जो खान सर से प्रताड़ित हैं और वह जल्द ही पक्के सबूतों के साथ इसका खुलासा करेंगे। निखिल कुमार ने कहा कि पहले वह सबूत पुलिस को सौंपेंगे, उसके बाद मीडिया के सामने लाएंगे।
खान सर का बयान
इन सभी आरोपों पर खान सर की ओर से सफाई सामने आई है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने के लिए साजिश की जा रही है। खान सर ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ छात्रों को पढ़ाना है और वह अपने काम से पीछे नहीं हटेंगे। पुलिस मामले की सही तरीके से जांच कर ले।









