हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर खरगे ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र, FIR न होने पर जताई नाराजगी

डेस्क : हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मामले को लेकर सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। उन्होंने अब तक FIR दर्ज नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई है।

बता दे कि खरगे ने अपने पत्र में कहा कि यह मामला सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष या उनके पद तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जेपी नड्डा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को आवश्यक निर्देश देने और हल्द्वानी की घटना में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।

राज्यसभा में पहले भी उठा चुके हैं मामला

वही खरगे ने पत्र में 13 अगस्त 2026 को राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित उनकी जनसभा के बाद कथित तौर पर छुआछूत से जुड़ा ‘शुद्धिकरण’ किया गया था।

खरगे के मुताबिक, सदन में जेपी नड्डा ने इस घटना को दुखद बताया था और मामले की जांच कराने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।खरगे ने अब सवाल उठाया है कि घटना के 24 दिन बाद भी संबंधित संगठन या लोगों के खिलाफ FIR दर्ज क्यों नहीं की गई।

8 अगस्त की रैली के बाद सामने आया था विवाद

दरअसल, 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की कांग्रेस रैली हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद उस मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया गया, जहां खरगे ने सभा को संबोधित किया था।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि खरगे की रैली के बाद बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों ने मंच का शुद्धिकरण किया।

कांग्रेस ने बताया दलितों का अपमान

कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को दलित समुदाय के अपमान और छुआछूत से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की है। पार्टी की ओर से संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग लगातार की जाती रही है।हालांकि, शुद्धिकरण में शामिल बताए जा रहे संगठन और स्थानीय लोगों ने जातिगत भेदभाव से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना को जातिगत रंग दिया जा रहा है।

अब मल्लिकार्जुन खरगे के जेपी नड्डा को पत्र लिखने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है। कांग्रेस की मांग है कि घटना की जांच के साथ-साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

Related Articles

Back to top button