5 सितंबर से शुरू होगा ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’, 10 लाख खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद; QR कोड से होगा पंजीकरण

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। यह खेल महाकुंभ 5 सितंबर को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू होगा। सीएम मान ने बताया कि इस बार करीब 10 लाख खिलाड़ियों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है। पूरे आयोजन में 38 खेलों के मुकाबले होंगे और चार पैरा-खेल—एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल, को भी शामिल किया गया है।

QR कोड से होगा आसान पंजीकरण

खिलाड़ियों की सहूलियत के लिए खेल विभाग ने पहली बार क्यू.आर. कोड आधारित पंजीकरण की सुविधा शुरू की है। इसके अलावा, sports.punjab.gov.in पोर्टल पर जाकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क है और महज 15 सेकंड में हो जाती है। सीएम मान ने कहा कि इसका मकसद गांव-गांव से छिपी प्रतिभा को बाहर लाकर उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।

9 आयु वर्ग, 16 जिलों में राज्य स्तरीय आयोजन

इस सीजन में 14 साल से लेकर 70 साल से अधिक उम्र तक के नौ आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेल पंजाब के सभी 153 ब्लॉकों में कराए जाएंगे, जिला स्तरीय मुकाबले 23 जिलों में होंगे और राज्य स्तरीय खेल 16 जिलों में आयोजित होंगे। खेलों का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा। खास बात यह है कि पहली बार लड़कों और लड़कियों, दोनों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है, ताकि उभरते खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल सके।

विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वालों को 10,000 रुपये, रजत के लिए 7,000 रुपये और कांस्य के लिए 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सीएम मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे आयोजन को बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Related Articles

Back to top button