
मनोरंजन डेस्क : कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता किच्चा सुदीप हाल ही में यश और निर्देशक गीतू मोहनदास की बहुचर्चित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। यह फिल्म जब से सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, तब से इसे क्रिटिक्स और दर्शकों के बीच मिले-जुले रिएक्शन मिल रहे हैं, जहां कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं तो कुछ इसकी कहानी से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में किच्चा सुदीप का बयान फिल्म के पक्ष में एक बड़ा समर्थन बनकर सामने आया है।
Just want to say this, @TheNameIsYash — you’ve genuinely tried something out of the box rather than taking the predictable route of making another regular, expected, formulaic follow-up to your previous commercial blockbuster.
— Kichcha Sudeepa (@KicchaSudeep) August 28, 2026
It takes a different mindset, conviction, and most…
सुदीप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए यश की इस बात के लिए सराहना की कि उन्होंने अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म की सफलता के बाद कोई सेफ और घिसा-पिटा फॉर्मूला अपनाने के बजाय कुछ नया और अलग करने का जोखिम उठाया है। उन्होंने लिखा कि इस तरह के ‘आउट-ऑफ-द-बॉक्स’ प्रयास के लिए एक अलग सोच, पक्का इरादा और सबसे बढ़कर बहुत हिम्मत की जरूरत होती है। सुदीप के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ एक अनोखी और सराहनीय कोशिश है, जिसके कई हिस्से बेहद दिलचस्प हैं और जिन पर सार्थक चर्चा या बहस की जा सकती है।
बता दें कि ‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें यश डबल रोल में नजर आ रहे हैं। उनके साथ इस फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कई बड़े कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। वेंकट के नारायण और यश द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित यह फिल्म 26 अगस्त को ओणम के मौके पर रिलीज हुई थी, जो लगातार अपनी अलग शैली और स्टार कास्ट को लेकर चर्चा में बनी हुई है।









