
कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। पश्चिम बंगाल से लेकर देश के कोने-कोने में गुस्सा व्याप्त है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने पूरे देश में 24 घंटे के लिए ओपीडी बंद करने का ऐलान किया है। डॉक्टर सड़कों पर हैं। बिटिया को न्याय मिले इसके लिए IMA ने पांच सूत्रीय मांग रखी है। उधर सीबीआई भी लगातार पूछताछ कर रही है। लेकिन अब बड़ा सवाल है कि आखिर उस रात महिला डॉक्टर के साथ क्या हुआ था?
ऐक्शन में सीबीआई
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता और उसके दोस्तों ने रात में करीब 12 बजे ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। कोलकाता पुलिस ने डिलीवरी बॉय का भी बयान दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो पीड़िता की मौत खाना खाने के तीन से चार घंटे बाद हुई थी। सीबीआई ने मृतका के उन चारों दोस्तों का भी बयान दर्ज कर लिया है, जिन्होंने रात में उसके साथ खाना खाया था।
CBI द्वारा ऐसे लोगों का लगातार बयान दर्ज किया जा रहा है, जो घटना से पहले पीड़िता से मिले थे। संजय राय के मोबाइल फोन का भी डिटेल खंगाला जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि उस रात वह कहां था। दूसरी तरफ दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाये जाने को लेकर देश के डॉक्टर सड़कों पर हैं।









