कृति सेनन के राखी विज्ञापन पर छिड़ा विवाद, कंगना के ‘असहज’ वाले बयान से बढ़ा मामला; कंपनी ने विज्ञापन हटाया

नई दिल्ली। रक्षाबंधन से ठीक पहले एक ज्वेलरी ब्रांड का विज्ञापन सोशल मीडिया पर बड़े विवाद का कारण बन गया है। इस विज्ञापन में बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन दिखाई दे रही हैं। कुछ लोगों को उनके पहनावे पर आपत्ति हुई, तो कुछ को यह बात नागवार गुजरी कि उन्होंने राखी अपने कुत्ते को बांधी। बढ़ते विरोध को देखते हुए कंपनी ने विज्ञापन हटाने का फैसला कर लिया है।

कंपनी ने कहा- किसी की भावना को ठेस पहुंचाना मकसद नहीं था

ज्वेलरी ब्रांड जीवा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के रूप में हमने हमेशा पूरे परिवार के साथ खुशियां मनाने में विश्वास किया है। इस बार हम अपने पालतू जानवरों तक भी यह प्यार और जश्न फैलाना चाहते थे। अगर विज्ञापन से अनजाने में किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो इसका कोई इरादा नहीं था। सम्मान व्यक्त करते हुए विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है।

कंगना के बयान से और गरमाया मामला

विवाद तब और बढ़ गया, जब अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस विज्ञापन को जानबूझकर असहज करने वाला बताया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दो खेमों में बहस छिड़ गई। वहीं, कृति सेनन ने भी पलटवार करते हुए कहा, “संस्कृति दिल में होती है, नेकलाइन में नहीं।”

राहुल गांधी ने किया समर्थन

अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस मामले में कूद पड़े हैं। उन्होंने कृति सेनन के समर्थन में कहा कि महिलाएं अपनी आजादी का इस्तेमाल करें, इसके लिए उन्हें ट्रोल करना बंद करना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि किसी महिला के पहनावे या उसके फैसलों पर उंगली उठाने से पहले संस्कृति की असली परिभाषा समझनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button