कुशीनगर: शादी की खुशियों में छाया मातम, हल्दी रस्म के दौरान कुएं में गिर कर 13 लोगो की मौत…

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के लिए बुधवार की रात काली रात बनकर आई। वैवाहिक रस्म में हल्दी कार्यक्रम के दौरान कुएं पर बने स्लैब के टूटने से दर्जनों बच्चे, महिलाएं और लड़कियां कुएं में गिर गए। इस घटना में 13 की मौत की पुष्टि हो चुकी है तथा लगभग 30 से अधिक बच्चे, महिलाओं और लड़कियों के चोटिल होने की बात कही जा रही है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

मौके पर ग्रामीणों की मदद से पुलिस प्रशासन का राहत और बचाव कार्य जारी है। दूसरी तरफ गांव चीख पुकार और अफरा तफरी मची हुई है। घटना की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल बचाए व राहत कार्य संचालित कराने तथा घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए।

नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया स्कूल टोला में एक कुएं पर वैवाहिक रस्म में हल्दी कार्यक्रम और मटकोड़ करना भारी पड़ गया और देखते ही देखते वह कुआं मौत का कुंआ बन गया। जहां मांगलिक गीतों के साथ खुशियां मना रहे लोग अचानक काल के गाल में समा गए और खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। जानकारी के अनुसार परमेश्वर कुशवाहा के घर उनके बेटे का हल्दी का रस्म मनाया जा रहा था। उनके घर आई रिश्तेदार और आस पास की महिलाएं नाचते गाते वहां स्थित कुएं के पास मटकोड़ के लिए पहुंची। उन्हें क्या पता था कि ये खुशी कितना भारी पड़ेगा। इस मांगलिक कार्यक्रम के दौरान कुएं पर बना स्लैब टूट गया और देखते हुई देखते वहां मौजूद लगभग 3 दर्जन महिलाएं, बच्चे और लड़कियां कुएं में गिर गए।

इस हादसे में अब तक 13 की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। ये मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। डीएम और एसपी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। मशीन लगा कर कुएं का पानी कम करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर चींख पुकार मची हुई है। चारो तरफ अफरा तफरी का माहौल है।

इस घटना में स्वास्थ विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है.. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि एंबुलेंस के लिए लगातार कॉल किया जाता रहा लेकिन एक भी एंबुलेंस समय से नहीं पहुंचा जिस कारण लोग पुलिस और अन्य प्राइवेट वाहनों से लेकर दुर्घटना के शिकार घायलों को अस्पताल ले गए।

Related Articles

Back to top button