
भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के लिए घरेलू कंपनी लावा एक बार फिर तैयार है। कंपनी अपना नया बजट स्मार्टफोन Lava Bold N4 Lite भारत में लॉन्च करने जा रही है। खास बात यह है कि इस अपकमिंग स्मार्टफोन की एक डेडिकेटेड माइक्रोसाइट ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर लाइव हो चुकी है, जिससे इसके कई अहम फीचर्स और डिजाइन की आधिकारिक पुष्टि भी हो गई है। यह नया फोन इस साल की शुरुआत में आए Lava Bold N2 Lite का सक्सेसर होगा।
लावा द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, Lava Bold N4 Lite भारत में 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च के बाद यह स्मार्टफोन देश में मुख्य रूप से अमेजन के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूती है। कंपनी का दावा है कि यह बजट फोन ड्रॉप और शॉक प्रोटेक्शन के लिए MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड रेटिंग के साथ आएगा, जो इस सेगमेंट में इसे बेहद खास बनाता है। इसके अलावा, यह कम से कम एक आकर्षक गोल्ड कलर ऑप्शन में ग्राहकों को मिलेगा।
डिजाइन के मामले में भी इस फोन में कई आधुनिक बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें फ्लैट रियर पैनल और टॉप-लेफ्ट कॉर्नर में स्क्वायर-शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। फोन के दाहिने हिस्से में पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल दिए गए हैं, जबकि चारों तरफ एक प्रीमियम गोल्डन फिनिश वाला फ्लैट फ्रेम मिलता है। फोन के निचले हिस्से में USB Type-C पोर्ट, माइक्रोफोन कटआउट, 3.5mm ऑडियो जैक और स्पीकर ग्रिल की मौजदगी है। इसके पिछले हिस्से पर बॉटम-लेफ्ट कॉर्नर में वर्टिकल लावा ब्रांडिंग दी गई है।
लावा अपने ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं का खास ख्याल रखती है, और इस फोन के साथ भी कंपनी अपने दूसरे मॉडल्स की तरह घर पर ही फ्री ‘डोरस्टेप सर्विस’ उपलब्ध कराएगी। पुराने मॉडल Bold N2 Lite को 7,399 रुपये की शुरुआती कीमत पर उतारा गया था, जिसमें 90Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.75-इंच HD+ डिस्प्ले और 5,000mAh की बैटरी मिलती है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नए Bold N4 Lite में भी कंपनी कुछ और बेहतर अपग्रेड्स के साथ इसे बेहद किफायती दाम में बाजार में उतार सकती है।









