
ईरान में बढ़ते सुरक्षा तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। वर्चुअल अमेरिकी दूतावास ने साफ शब्दों में कहा है कि अमेरिकी नागरिक “तुरंत ईरान छोड़ दें”। एडवाइजरी में बताया गया है कि देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, सड़कों को बंद किया जा रहा है और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साथ-साथ इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हैं।
अमेरिकी दूतावास के अनुसार, ईरान सरकार मोबाइल, लैंडलाइन और राष्ट्रीय इंटरनेट नेटवर्क तक पहुंच सीमित कर रही है। कई एयरलाइंस ने ईरान से आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द या सीमित कर दिया है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। अमेरिका ने अपने नागरिकों को चेताया है कि वे अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न रहें और खुद सुरक्षित निकलने की योजना बनाएं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर संभव हो तो अमेरिकी नागरिक जमीन के रास्ते आर्मेनिया या तुर्किये के जरिए ईरान छोड़ने पर विचार करें। उड़ानें बिना सूचना रद्द हो सकती हैं, इसलिए एयरलाइंस से सीधे संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। जो लोग ईरान नहीं छोड़ पा रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने, भोजन, पानी, दवाइयों और जरूरी सामान का स्टॉक रखने को कहा गया है।
अमेरिका ने यह भी साफ किया है कि ईरान अमेरिकी-ईरानी दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता। ऐसे नागरिकों को केवल ईरानी नागरिक माना जाएगा और उनसे पूछताछ, गिरफ्तारी या हिरासत का खतरा ज्यादा है। अमेरिकी पासपोर्ट दिखाना भी हिरासत का कारण बन सकता है।
इसके अलावा, अमेरिकी नागरिकों को प्रदर्शन से दूर रहने, लो-प्रोफाइल बनाए रखने और स्थानीय मीडिया पर नजर रखने की सलाह दी गई है। अमेरिका और ईरान के बीच कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं और ईरान में अमेरिकी हितों की देखरेख स्विट्जरलैंड का दूतावास करता है।









