
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आप के सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक बैठक सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी। इस बैठक बचे हुए चार चरण के लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट पर लिखा- आज मिलते है। इस पोस्ट में अरविंद केजरीवाल ने अपने आज के शिड्यूल के बारे में बताया। वे आज 11 बजे पार्टी विधायकों के साथ मीटिंग करेंगे। जिसके बाद 1 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने की भी जानकारी दी है। इसके अतिरिक्त सीएम केजरीवाल आज दो रोड शो भी करने वाले है। जिसमें से पहला रोड शो शाम 4 बजे नई दिल्ली लोकसभा – मोती नगर के लिए जाएगा। वहीं दूसरा रोड शो शाम 6 बजे पश्चिम दिल्ली लोकसभा से उत्तम नगर तक जाएगा। पोस्ट के अंत में सभी को आमंत्रित करते हुए लिखा गया कि आप सभी को आना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, “यह एक महत्वपूर्ण बैठक है और इसमें 25 मई को दिल्ली में होने वाले लोकसभा चुनावों पर भी चर्चा होगी।”
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को कथित उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक जून तक की अंतरिम जमानत दी है। उन्हें दो जून को फिर से सरेंडर करना होगा।









