
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक किन्नर को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और कथित तौर पर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किन्नर ने त्रिवेंद्र सिंह नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। मामले में त्रिवेंद्र सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित के मुताबिक, त्रिवेंद्र सिंह ने शादी करने का भरोसा दिया था और इसके लिए सर्जरी कराने की शर्त रखी थी। किन्नर ने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए सर्जरी करवाकर महिला किन्नर बनने के लिए लाखों रुपये खर्च कर दिए। प्रेमी को बुलेट बाइक और चार लाख रुपये दिए गए। आरोपी की बात पर विश्वास करते हुए पीड़ित किन्नर ने लाखों रुपये खर्च कर सर्जरी कराई। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने शादी नहीं की और करीब दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
बता दे कि पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान त्रिवेंद्र सिंह ने उससे चार लाख रुपये भी लिए। बाद में शादी करने से इनकार करने पर पीड़ित को धोखे का एहसास हुआ। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि त्रिवेंद्र सिंह पहले से शादीशुदा था और उसने यह बात छिपाकर पीड़ित को अपने प्रेम जाल में फंसाया।
वही मामले में त्रिवेंद्र की पत्नी पर भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।









