
लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कानपुर-लखनऊ 6 लेन एक्सप्रेसवे का कल यानी 13 जुलाई को लोकार्पण किया जाएगा। करीब 4200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी। इस परियोजना से लखनऊ-कानपुर के बीच का सफर घटकर करीब 40 मिनट का रह जाएगा।
इस एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ ही हरदोई-लखनऊ NH पैकेज-4 का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर 4 लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के हाई-स्पीड रोड नेटवर्क को नई गति देगा। यह परियोजना राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगी। एक्सप्रेसवे के जरिए डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। तेज आवागमन और सुगम परिवहन व्यवस्था से क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आम लोगों की यात्रा सभी को फायदा पहुंचने की उम्मीद
कानपुर और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, उद्योग और आम लोगों की यात्रा सभी को फायदा पहुंचने की उम्मीद है।









