
लखनऊ के विकास यादव द्वारा ‘रिस्टोरिंग एंड प्रोटेक्टिंग लैंड’ थीम पर बनाई गई शॉर्ट फिल्म “अमोद अरण्य” ने विश्व-स्तरीय प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। जिसका प्रदर्शन ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित COP26 जैसे बड़े कार्यक्रम में किया गया था। जहां बीते दिनों पीएम मोदी सहित दुनिया के कई बड़े नेता शिरकत करने पहुंचे थे।
दरअसल, यह प्रतियोगिता UN की संस्था ‘अर्थबीट’ की ओर से आयोजित की गई थी। पर्यावरण पर आधारित इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के 31 देशों से 70 फिल्मों का चयन हुआ था। जिसमें से विकास को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। विकास ने इस फिल्म को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में फिल्माया है। इसमें नंदिनी नाम की एक लड़की की कहानी है, जिसने अपने पिता के साथ मिलकर एक स्थान पर वृक्षारोपण कर उसे विशाल जंगल के रूप में तब्दील कर दिया है। जिसे ‘अमोद अरण्य’ का नाम दिया गया है।
इसके पहले भी विकास ने COP24 में ‘ग्लोबल यूथ वीडियो कंपटीशन’ में पहला स्थान प्राप्त किया था और पोलैंड के कीव शहर जाकर भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था। विकास और नंदिनी अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार कई सालों से काम कर रहे हैं। विकास बताते हैं कि उनका सपना हर शहर में एक ऐसा वन विकसित करने का है जिसे “लंग ऑफ़ द सिटी” कहा जा सके।