
लखनऊ: दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी लखनऊ में अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान आग लगने की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए शहर के 30 प्रमुख स्थलों पर दमकल गाड़ियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए 46 दमकल गाड़ियों के साथ फायर विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
घने बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अमीनाबाद, चौक, नखास, भूतनाथ और आलमबाग में दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा मुंशी पुलिया, कपूरथला, कमता और दुबग्गा में भी अग्निशमन विभाग की व्यवस्था रहेगी।
प्रत्येक दमकल गाड़ी पर चार अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त वाहन और कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सूचना मिलने के 5 से 10 मिनट के भीतर दमकल की टीम मौके पर पहुंचे।
इसके साथ ही राजधानी के सभी 9 फायर स्टेशनों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दीपावली के दौरान आगजनी की किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।









