
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला न्यायालय से लेकर पारिवारिक न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, कलेक्ट्रेट और जिले की सभी तहसीलों में लोक अदालत के जरिए विभिन्न मामलों के निस्तारण की व्यवस्था की गई है।
बता दे कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा के मुताबिक, राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान भी चलाया जा रहा है, जो 30 दिसंबर तक जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को आपसी सहमति और मध्यस्थता के जरिए विवादों के समाधान के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रचार के लिए रवाना किया गया पीआरवी वाहन
राष्ट्रीय लोक अदालत और राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को विशेष प्रचार अभियान शुरू किया गया। इसी क्रम में न्यायालय परिसर से पीआरवी वाहन को रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। यह वाहन जिले की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचेगा और लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता अभियान के बारे में जानकारी देगा।
लोगों को दी जाएगी लोक अदालत की जानकारी
प्रचार वाहन के माध्यम से आम लोगों को लोक अदालत में मामलों के निस्तारण और मध्यस्थता के माध्यम से विवाद सुलझाने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें और लंबित विवादों के समाधान के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं।इस मौके पर अपर जिला जज अभिनय कुमार मिश्रा, पुलिस उपायुक्त किरन यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









