
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 केडी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने विजनरी बजट के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है और यह साफ नियत व स्पष्ट नीति का परिणाम है। सीएम ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी बात होनी चाहिए और कर्तव्य भवन से पेश होने वाला यह पहला बजट है, जिसमें रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन स्पष्ट दिखता है। बजट में किसान, महिला, गरीब सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
सीएम योगी ने बताया कि MSME सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें यूपी देश में लीड करता है और इससे राज्य को बड़ा लाभ मिलेगा। रेलवे के नए कॉरिडोर, वाराणसी में देश का पहला इनलैंड वॉटरवे, बायोफार्मा और डाटा सेंटर निर्माण से यूपी को मजबूती मिलेगी। लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में वाराणसी को मल्टी मॉडल हब बनाने की संभावनाएं हैं। हर जनपद में महिलाओं के लिए हॉस्टल की घोषणा से सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यूपी टूरिज्म के नए हब के रूप में उभरा है, माघ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं और कल्पवासियों ने स्नान किया। सेमीकंडक्टर हब के रूप में यूपी आगे बढ़ रहा है और बजट में सेमीकंडक्टर पार्क की घोषणा से बड़ा लाभ होगा। यूपी में 2 लाख करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हो रही है। डबल इंजन सरकार ने हेल्थ सेक्टर में बड़े सुधार किए हैं और मेरठ स्पोर्ट्स आइटम का मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। सीएम योगी ने कहा कि यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां आज सुशासन, निवेश, पहचान, आत्मगौरव और निर्णायक नेतृत्व मौजूद है।









