CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में महारैली, I.N.D.I.A गठबंधन के नेता भी होंगे शामिल

विपक्षी पार्टी के नेताओं ने कहा कि, "PM मोदी देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।"

कथित शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। खबर है कि CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अब इंडिया गठबंधन दिल्ली में एक मेगा रैली करेगा। इस बात का ऐलान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने रविवार यानी 24 मार्च को एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया है। मिली जानकारी के अनुसार यह विरोध रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में 31 मार्च को आयोजित की जाएगी।

दरअसल, आज आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस इस बात का ऐलान करते हुए कहा कि, “जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने देश के अंदर तानाशाही वाला रवैया अपनाते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है, ये लोकतंत्र की हत्या है। उनके इस फैसले से देश के संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले लोगों के दिलों में आक्रोश का माहौल है। यहां बात सिर्फ अरविंद केजरीवाल की नहीं है। चाहें झारखण्ड के मुख्यमंत्री हो या फिर चाहें पश्चिम बंगाल से लेकर बिहार में तेजस्वी यादव हो, सबके ऊपर फर्जी मुकदमे चलाए जा रहे है। हमारी पार्टी के मुख्यालय को भी सील कर दिया गया है, वो भी तब जब आचारसंहिता कानून लगी हुई है।”

जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्षी पार्टी के नेताओं ने कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए केंद्र की एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वो हमारे विधायक खरीदकर, हमारे नेताओं पर फर्जी मुकदमे चला कर उनकी गिरफ्तारी की साजिश रच रहे हैं। इंडिया गठबंधन के नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर उन्हें जबरदस्ती चुप कराने की कोशिश की जा रही है। जिसके खिलाफ हमारे द्वारा दिल्ली और देश भर में प्रदर्शन जारी है और रहेगा। आगामी दिनों में हमारा यह प्रदर्शन और तीव्रता से जारी रहेगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, “BJP का कहना है कि CM केजरीवाल और विपक्षी नेताओं ने भ्रष्टाचार किया है मगर हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने उनके इन आरोपों की धज्जियां उड़ा दी है। SBI के तरफ से दी गई इलेक्टोरल बॉन्ड की जानकारी चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उसकी लिस्ट जारी की गई है। जिसमे 60 करोड़ का मनी ट्रेल सामने आया है। शरत रेड्डी की कंपनी से 60 करोड़ का बॉन्ड लिया गया है। इस मामले पर आखिर BJP वाले चुप क्यों हैं? अब अगर आज देश चुप रहा तो, इसके खिलाफ कौन आवाज उठाएगा। ऐसे में इसी मामले को मद्देनजर रखते हुए हमने देश में बढ़ते इस तानाशाही के खिलाफ 31 मार्च को 10 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में महा रैली करने का फैसला किया है।

इस दौरान आप नेता गोपाल राय ने CM केजरीवाल के गिरफ्तारी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि, “31 मार्च को इंडिया गठबंधन से जुड़ी पार्टियों के तमाम बड़े नेता रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में शामिल होंगे।”

Related Articles

Back to top button