कानपुर देहात में बड़ा हादसा: बिजली का खंभा लगाते वक्त दौड़ा हाईटेंशन करंट, 1 की मौत, 2 गंभीर

कानपुर देहात जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जैनपुर इलाके में बिजली का नया खंभा लगाने के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा देखने को मिला। घटना के वक्त हाइड्रा मशीन की मदद से नया पोल खड़ा किया जा रहा था, जिसे जमीन पर संतुलित करने के लिए तीन लोग हाथों से पकड़े हुए थे।

अचानक पोल का ऊपरी सिरा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (HT) लाइन से छू गया। HT लाइन से टकराते ही खंभे में तेज रफ्तार से करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आकर तीनों लोग मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बबलू नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अन्य दो लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button