
शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में फरार चल रहे दोनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने शूटर आर्यन और सत्यम पर इनाम बढ़ाया है। दोनों आरोपी हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद से ही पुलिस दोनों फरार शूटरों की तलाश में जुटी है। पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश से लेकर अहमदाबाद तक दोनों आरोपियों की तलाश कर रही हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।बताया जा रहा है कि आर्यन सिंधू पंपू गैंग का शूटर है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं सत्यम कादियान को गोगी गैंग का गुर्गा बताया जा रहा है। दोनों के आपराधिक कनेक्शन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को दोनों शूटरों के विदेश भाग जाने की भी चर्चा है। इसी को देखते हुए उनकी तलाश के लिए लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। पुलिस अब देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ विदेश भागने की संभावनाओं को ध्यान में रखकर भी जांच आगे बढ़ा रही है। फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हत्याकांड में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है।









