शामली में STF का बड़ा एनकाउंटर, अंकित बालियान हत्याकांड के 2 शूटर मोहित और सुमित ढेर

डेस्क : शामली से आज की बहुत बड़ी खबर सामने आई है। अंकित बालियान हत्याकांड में STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो शूटरों को ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश सिंगर अंकित बालियान की हत्या में शामिल थे।

जानकारी के मुताबिक, कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसी दौरान STF ने दोनों शूटर मोहित और सुमित को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों के पास से आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। दोनों ही शूटर सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

अंकित बालियान हत्याकांड में सामने आया था कि सिंगर अंकित पर 18 राउंड फायरिंग की गई थी। इस वारदात में मोहित और सुमित की भूमिका बताई जा रही थी। हत्याकांड के बाद से ही पुलिस और STF दोनों शूटरों की तलाश में जुटी थीं। अब STF ने मुठभेड़ में दोनों को ढेर कर दिया है।

मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान हरविंदर और प्रदीप के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button