
वीकेंड पर लगातार छुट्टियों के चलते पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे हैं। दो दिनों के भीतर चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंच चुके हैं। ठंड का अहसास लेने के लिए पर्यटक मनाली का रुख कर रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के बाद यहां तापमान में काफी गिरावट आई है। सुबह-शाम और रात के समय ठंड बढ़ गई है।
मनाली सहित लाहुल-स्पीति के पर्यटन स्थलों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोहतांग सहित लाहुल के पर्यटन स्थलों पर बर्फ के दीदार भी हो रहे हैं।
सड़कों पर लगा जाम
पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या भी गहरा गई है। मनाली शहर के साथ मनाली-रोहतांग मार्ग और लेफ्ट बैंक मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। शनिवार सुबह भी कई जगह जाम लग गया।
यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़
माता हिडिंबा मंदिर, रोहतांग दर्रा, अटल टनल के दोनों छोर, सोलंगनाला और कोकसर में सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं। रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का मेला लगा हुआ है। बर्फ की तलाश में पर्यटक रोहतांग और लाहुल का रुख कर रहे हैं। अटल टनल और सिस्सू में भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी है।
होटलों में 70 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी
पर्यटकों की आमद बढ़ने के साथ मनाली के होटलों में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है। वीकेंड के चलते होटलों में 60 से 70 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। कई होटल पैक हो गए हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल कारोबारी भी उत्साहित हैं और मनाली के छोटे-बड़े होटलों में रौनक छाई हुई है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है पर्यटकों की संख्या
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि वीकेंड और छुट्टियों के चलते मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ा है। दशहरा से पहले पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटकों के मनाली पहुंचने की उम्मीद है।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस जवान तैनात
एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने कहा कि मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ा है, जिसके कारण ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई है। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल है। पर्यटक ऑनलाइन परमिट प्राप्त कर रोहतांग दर्रे का दीदार कर सकते हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।









