Manmohan Singh Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए मनमोहन सिंह : राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, राष्ट्रपति, PM मोदी और अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

निगमबोध घाट में डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता उपस्थित थे, जिनमें सोनिया गांधी...

Manmohan Singh Funeral: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। उनका पार्थिव शरीर सेना की तोपगाड़ी पर रखा गया और घाट तक लाया गया, जहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुई।

सभी नेताओं ने दी अंतिम विदाई

निगमबोध घाट में डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता उपस्थित थे, जिनमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और अन्य प्रमुख कांग्रेस नेता शामिल थे। इसके अलावा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी अंतिम विदाई देने के लिए वहां पहुंचे।

पसंदीदा नीली पगड़ी पहनाई गई

अंतिम संस्कार के दौरान, डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी पसंदीदा नीली पगड़ी पहनाई गई। यह पगड़ी उनकी पहचान बन चुकी थी, क्योंकि उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान इसकी रंग की पगड़ी को अपना “सिग्नेचर कलर” बना लिया था।

राहुल गांधी भी पार्थिव शरीर के साथ गाड़ी में थे..

डॉ. मनमोहन सिंह की पार्थिव देह को सुबह 9:30 बजे उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था, जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटे। इसके बाद, अंतिम यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें राहुल गांधी भी पार्थिव शरीर के साथ गाड़ी में बैठे हुए थे।

रात 9:51 बजे अंतिम सांस ली

गौरतलब है कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन गुरुवार रात हुआ था। वह 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें घर पर बेहोश होने के बाद दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) लाया गया था, जहां 8:06 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल के बुलेटिन के अनुसार, उन्होंने रात 9:51 बजे अंतिम सांस ली।

Related Articles

Back to top button