आम आदमी पार्टी में देश के जानेमाने इतिहास के अध्यापक अवध ओझा के ज्वाइन किए जाने पर दिल्ली के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी भड़क उठे। सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने वालो को दिल्ली और देश का दुश्मन बता दिया। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचे दिल्ली सांसद मनोज तिवारी ने अवध ओझा के साथ अरविंद केजरीवाल और संभल की घटना को लेकर विपक्ष पर जमकर कटाक्ष किया। मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर रहे है, वह दिल्ली और देश के दुश्मन है। अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट में बर्खास्त कर दिया, इसके बावजूद भी कोई इतिहासकार आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर रहा है, तो वह इतिहासकार नहीं हो सकता है। कई लोग ऐसे है, जो गलत इतिहास लिखे है और उसे पढ़ाया जाता है। आज हम उनकी खैर खबर ले रहे है, न्यू एजुकेशन पॉलिसी में और ऐसे लोगों को धीरे – धीरे देश पहचान रहा है।
संभल की घटना पर विपक्ष पर बिफरे मनोज तिवारी, कहा – विवाद का संविधान से होगा निदान
उत्तर प्रदेश के संभल में हुए हंगामे को लेकर मनोज तिवारी ने विपक्ष पर तंज करते हुए कहा कि कोर्ट के ऊपर कोई हमला कर दे और उसे भी कुछ राजनैतिक दल आकर सपोर्ट करे तो यह नकारात्मक है। मनोज तिवारी ने कहा कि “जहां भी विवाद होगा, वहां होना चाहिए निदान और निदान के लिए है संविधान”। तलवार, लाठी और गोली बंदूक से हम सड़क पर निदान नहीं कर सकते। इस मामले को लेकर विपक्ष संसद भी नहीं चलने दे रहा है। सनातन बोर्ड बनाए जाने की मांग पर मनोज तिवारी ने कहा कि सनातन बोर्ड बनना चाहिए, हम इसके पक्षधर है।
सरकारी वकील ही अरविंद केजरीवाल को दिलाएंगे सरकार बदलने के बाद सजा: मनोज तिवारी
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में असुरक्षा का कारण केंद्र सरकार को बताए जाने पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सरकारी वकील सरकार देती है और सरकारी वकील अपराधियों (अरविंद केजरीवाल) की पैरवी करने लगे, तो निश्चित रूप से किसी को भी अपराध को हटाना मुश्किल हो जाता है। मात्र डेढ़ महीने की उनकी बारी (सरकार) है, उसके बाद सरकार भी बदलेगी और वही सरकारी वकील उन्हीं अपराधिकों को सजा भी दिलवाएंगे, जिससे अपराधियों का मनोबल टूटेगा। अरविंद केजरीवाल से यह भी चर्चा करवाना चाहिए कि दिल्ली में साफ पानी और शुद्ध हवा क्यों नहीं मिल रहा है।