IPL 2026 में बदल जाएंगे कई नियम, कप्तान बदल सकते हैं गेंद और रणनीति, 10वें ओवर में….

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का नया सीजन कई मायनों में पहले से अलग होने वाला है। इस बार बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और टीमों के लिए कई नए नियम लागू करने का फैसला किया है। आईपीएल मैनेजमेंट बुधवार को मुंबई में कप्तानों की बैठक करेगा। यह बैठक टूर्नामेंट के 19वें सीजन की शुरुआत से तीन दिन पहले आयोजित की जा रही है। बैठक में इनिंग्स टाइमर, बॉल रिप्लेसमेंट, दो बाउंसर नियम, बैट इंस्पेक्शन, सलाइवा के इस्तेमाल और रिटायर्ड-आउट प्रावधान सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने मंगलवार को टीमों को सूचना दी कि मैच रेफरी और अंपायर पैनल के प्रमुख जवागल श्रीनाथ और नितिन मेनन कप्तानों को संबोधित करेंगे। यह बैठक बुधवार को शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक निर्धारित है।

बैठक में बॉल रिप्लेसमेंट नियम को लेकर विशेष स्पष्टीकरण दिया जाएगा। अगर मैच के दौरान गेंद खो जाती है, अनुपयुक्त हो जाती है या सामान्य घिसावट के कारण खेलने के योग्य नहीं रहती है, तो अंपायर उसी स्तर की घिसावट वाली दूसरी गेंद से इसे बदल देंगे। इसके बारे में बल्लेबाज और फील्डिंग कप्तान को सूचित किया जाएगा।

शाम के मैचों में दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को 10वें ओवर के बाद एक बार गेंद बदलने का अधिकार रहेगा। कप्तान यह अनुरोध ओवर के अंत में कर सकते हैं। यह नियम केवल दूसरी पारी में एक बार लागू होगा, चाहे ओस की स्थिति कुछ भी हो। अंपायर अपनी मर्जी से मैच के किसी भी समय गेंद बदल सकते हैं।

यदि अंपायर 10वें ओवर से पहले गेंद बदलते हैं, तो फील्डिंग कप्तान को 10वें ओवर के बाद भी गेंद बदलने का अधिकार रहेगा और अंपायर को इसे अनुमति देनी होगी। 11वें ओवर के बाद अगर कप्तान गेंद बदलने का अनुरोध करते हैं और अंपायर सहमत होते हैं, तो पांच या छह ओवर बाद कप्तान फिर से गेंद बदलने का अनुरोध कर सकते हैं। इस स्थिति में गेंद बदलने की अनुमति अंपायर के विवेक पर निर्भर होगी।

Related Articles

Back to top button