कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट… 11 लोगों की मौत और कई मकान जमींदोज… पढ़े पूरी खब़र…

कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट। कई मकान ढहे, घायलों का इलाज जारी, डीएम ने दिए जांच के आदेश।

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनौरी बाजार के पास एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा भयानक थी कि आसपास के कई मकान और घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए, जिससे मलबे के नीचे कई लोगों के दबने की खबर से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं और युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

शुरुआती रिपोर्ट्स में कुछ लोगों के हताहत होने की खबर आई थी, लेकिन जैसे-जैसे मलबा हटाया गया, आंकड़े डरावने रूप में सामने आए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 8 मासूम बच्चे, 2 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल हुए दर्जनों लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल से (SRN) मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्रशासन का मानना है कि मलबे में अभी कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते मरने वालों का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, कौशांबी के जिला मजिस्ट्रेट अमित पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट शब्दों में कड़े निर्देश दिए हैं। डीएम अमित पाल शर्मा ने मीडिया को बताया कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्तियों को भी अटैच किया जाएगा ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों और लापरवाहियों पर लगाम लगाई जा सके। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button