
खेल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीज़न से पहले गुजरात टाइटन्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइज़ी ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
गुजरात टाइटन्स की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, मैथ्यू हेडन जैसे अनुभवी खिलाड़ी के टीम से जुड़ने से बल्लेबाजी विभाग को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है। अपने समय के सबसे आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाजों में शामिल हेडन इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ आधुनिक T20 बल्लेबाजी की भी गहरी समझ रखते हैं।
टीम के क्रिकेट डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने हेडन की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि यह फ्रेंचाइज़ी के लिए एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि गुजरात टाइटन्स लगातार अपने क्रिकेटिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है और हेडन का अनुभव टीम के बल्लेबाजी समूह को नई दिशा देगा।
सोलंकी ने कहा, “मैथ्यू का अपॉइंटमेंट हमारी यात्रा के एक अहम मोड़ पर हुआ है। उनके पास शीर्ष स्तर का अनुभव है और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की उनकी क्षमता टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।”
वहीं अपनी नई भूमिका को लेकर मैथ्यू हेडन ने कहा कि मजबूत बल्लेबाजी किसी भी टीम को मैच में बढ़त दिला सकती है। उन्होंने कहा, “अच्छी बल्लेबाजी दबाव बनाती है और बेहतरीन बल्लेबाजी मैच पर कब्जा दिलाती है। यही मानक हम गुजरात टाइटन्स में स्थापित करना चाहते हैं।”
मैथ्यू हेडन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 272 मैच खेले और 47.82 की औसत से 15,064 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 40 शतक और 69 अर्धशतक निकले। उनका सर्वोच्च स्कोर 380 रन रहा है।
हेडन ने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था और वह उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने छह पारियों में 88.33 की औसत और 144.80 के स्ट्राइक रेट से 265 रन बनाए थे।
आईपीएल में भी हेडन ने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। उन्होंने 32 मैचों में 36.90 की औसत से 1,107 रन बनाए, जिसमें आठ अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन रहा और उनका स्ट्राइक रेट 137 से ज्यादा रहा।
गुजरात टाइटन्स को उम्मीद है कि मैथ्यू हेडन के अनुभव और मार्गदर्शन से टीम की बल्लेबाजी और भी मजबूत होगी और आईपीएल 2026 में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।









