
लखनऊ. चार राज्यों के चुनाव परिणाम बसपा के लिए काफी संतोषजनक रहे हैं। पहली बार आकाश आनंद के नेतृत्व में चार राज्यों में बसपा ने चुनाव लड़ा था। विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच में सीधा सीधा मुकाबला था। लेकिन दो तरफा चुनाव होने के बाद भी आकाश आनंद के नेतृत्व में बसपा ने बेहतर प्रदर्शन किया। चार राज्यों में बसपा ने अपनी पहचान बरकरार रखी है। बसपा कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है कि आकाश के नेतृत्व में पार्टी ने दो तरफा चुनाव होने के बाद भी अच्छा प्रदर्शन किया।
राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी ने इस बार के चुनाव में 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। राजस्थान में बसपा को दो प्रतिशत वोट मिला है। सीटें भले ही कम हों लेकिन पूरे प्रदेश में बसपा का प्रभाव है। मध्यप्रदेश में बसपा ने गोणवाना गणतंत्र पार्टी के साथ गठंधन करके चुनाव लड़ा। बसपा के गठबंधन सहयोगी को एक सीट पर जीत मिली। मध्यप्रदेश में बसपा को 3 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिला है। छत्तीसगढ़ में सीटें भले ही ना मिली हों लेकिन चुनाव मैदान में बसपा अपने वोट प्रतिशत को बरकरार रखने में सफल रही है।
राज्यों के चुनाव परिणाम बसपा के लिए बहुत मायने रखते हैं। और खासकर आकाश आनंद के लिए। हिंदी बेल्ट वाले राज्यों में बसपा के वजूद को बचाकर रखना आकाश आनंद के लिए बड़ी चुनौती थी जिसमें वो पूरी तरह से सफल साबित हुए हैं।









