
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच सुक्खू सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। इस दौरान वह भावुक दिखे। सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
उन्होंने कहा, विधायकों के साथ कहीं न कहीं अनदेखी हुई है, विधायकों की आवाज दबाने की कोशिश की गई है। जिसके कारण हम आज इस कगार पर खड़े हैं. लगातार इन विषयों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष भी उठाया गया है। लेकिन उसका जिस तरह से सरोकार लेना चाहिए था, वो नहीं लिया गया।
सरकार सभी के सहयोग से बनी है…दबाव में नहीं आने वाला
उन्होंने कहा, “दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मुझे एक मंत्री के तौर पर अपमानित करने का काम किया गया है, जिस तरह के संदेश विभाग में भेजे जाते हैं। हमें कमजोर करने की कोशिश की गई. सरकार सभी के सामूहिक प्रयास से बनी थी. मैं किसी भी दबाव में नहीं आने वाला. हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह.”
गेंद हाइकमान के पाले में
विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “वास्तविक परिस्थितियों से मैंने पार्टी हाईकमान को अवगत कराया है। अब गेंद उनके पाले में है, अब उन्हें फैसला लेना है कि उनका कदम क्या होगा। आने वाले समय में जो भी होगा वह पार्टी हाईकमान के साथ विचार-विमर्श करके किया जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि जो भी फैसला लिया जाएगा वह संगठन, पार्टी और इस राज्य के लोगों के व्यापक हित में लिया जाएगा।”









