
मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ एक पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि उसका अंत एक पिता की मौत के साथ हुआ। गुजरात के सूरत में 22 वर्षीय बेटी पर अपने 55 वर्षीय पिता की कथित तौर पर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पिता ने बेटी को लगातार मोबाइल पर गेम खेलने से रोका था और गुस्से में उसका फोन तोड़ दिया था। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने पिता पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सूरत के कोसाड इलाके का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 55 वर्षीय रमेश चौहान रविवार को काम से घर लौटे थे। घर पहुंचने पर उनकी पत्नी मंजू ने बताया कि बेटी काजल (22) दिनभर मोबाइल पर गेम खेलती रहती है और घर के कामों में भी हाथ नहीं बंटाती।
इसके बाद रमेश ने काजल को मोबाइल से दूर रहने और घरेलू कामों में मदद करने के लिए कहा। आरोप है कि बेटी ने उनकी बात नहीं मानी, जिसके बाद गुस्से में रमेश ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। इससे फोन टूट गया।
मोबाइल टूटने से नाराज काजल ने कथित तौर पर किचन में रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने चाकू से भी हमला किया, जिससे रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिता की आवाज सुनकर पत्नी मंजू मौके पर पहुंचीं। आनन-फानन में घायल रमेश को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पत्नी मंजू की शिकायत पर अमरोली थाना पुलिस ने काजल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने रविवार देर रात आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस इंस्पेक्टर जेबी वानर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर पिता और बेटी के बीच विवाद हुआ था, जिसने गंभीर रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









