
उज्बेकिस्तान के समरकंद में चल रहे दो दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मलेन में पीएम मोदी ने रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेता एक दूसरे से गर्मजोशी से मिले और दोनों के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई. दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच चली इस द्विपक्षीय वार्ता में विभिन्न मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई.
पीएम मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच चली बैठक में वैश्विक खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद और यूक्रेन के वर्तमान हालात सहित विभिन्न क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के दौरान PM मोदी ने कहा, “हमें फिर से मिलने का अवसर मिला. हमने द्विपक्षीय मुद्दों और विश्व मुद्दों पर बात की. हमें खाद्य सुरक्षा जैसे और ऊर्जा के मुद्दों को हल करने के तरीके निकालने होंगे.”
वहीं रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय छात्रों के सुरक्षित निकासी को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि इसके लिए वो यूक्रेन और रूस दोनों को बहुत धन्यवाद करते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और रूस हमेशा एक अच्छे दोस्त रहे हैं और दुनिया इस बारें में अच्छी तरह जानती है. उन्होंने कहा भारत और रूस की यह दोस्ती आने वाले दशकों में दोनों देशों के सांझा हितों के लिहाज से बेहद कारगर होने वाली है.
Had a wonderful meeting with President Putin. We got the opportunity to discuss furthering India-Russia cooperation in sectors such as trade, energy, defence and more. We also discussed other bilateral and global issues. pic.twitter.com/iHW5jkKOW0
— Narendra Modi (@narendramodi) September 16, 2022
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि हम दोनों देश सभी स्तरों पर एक साथ काम कर रहे हैं. मुझे विश्वास है कि हम दोनों दुनिया की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे. पीएम मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के लेकर ट्वीट कर कहा, “राष्ट्रपति पुतिन के साथ शानदार मुलाकात हुई. हमें व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भारत-रूस सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा करने का अवसर मिला. हमने अन्य द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की.”








