
मुजफ्फरनगर: जिले के शाहपुर क्षेत्र के लिए गर्व की दो खबरें सामने आई हैं। गांव काकड़ा निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनु सैन को उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं, गांव बरवाला निवासी शेखर बालियान ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इंस्पेक्टर बनीं कबड्डी खिलाड़ी अनु सैन
शाहपुर क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी डॉ. नीरज कुमार की पुत्री अनु सैन अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी हैं। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। इस टीम में अनु सैन भी शामिल थीं।
अनु की उपलब्धि को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर बनाया गया। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने उनके कंधे पर तीन स्टार लगाकर उन्हें इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।
शेखर बालियान ने कुश्ती में जीता स्वर्ण पदक
शाहपुर क्षेत्र के गांव बरवाला निवासी शेखर बालियान ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया। शेखर की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। कॉलेज प्रबंधन और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









