
पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा के हालिया गाज़ियाबाद कॉन्सर्ट में एक अनचाहा हादसा हुआ, जिसने गायिका को चौंका दिया। सुनंदा राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT) में परफॉर्म कर रही थीं, तभी एक फैन अचानक स्टेज पर चढ़ आया। यह घटना उस समय हुई जब वह ऑडियंस से इंटरैक्ट कर रही थीं।
इवेंट के वायरल हो रहे वीडियो में एक पुरुष फैन को स्टेज पर कूदते हुए और गायिका के पैर छूने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। अचानक हुए इस कदम ने सुनंदा को हैरान कर दिया और वहां उपस्थित लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद कुछ घंटे बाद सुनंदा शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। वीडियो में वह कहती हैं, “हैलो सबको, ये सुनंदा शर्मा है। कल RKGIT, गाज़ियाबाद में कॉलेज में थोड़ा सा मिस्टेक हो गया…”
सुनंदा ने आगे कहा, “सब डर गए, मैं भी डर गई। मेरा रिएक्शन भी बहुत लाउड था जब वो अचानक से आ गए।” उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए तुरंत स्टेज छोड़ने की बात कही और कहा, “हम इसके लिए तैयार नहीं थे।”
सुनंदा ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने मामले में संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की है। हालांकि, उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि छात्र के खिलाफ सख्त कदम न उठाया जाए और उसे माफ किया जाए, क्योंकि उनका मानना था कि उस फैन का कोई गलत इरादा नहीं था।
सुनंदा ने कहा, “कई बार किसी के प्यार जताने का तरीका गलत हो जाता है।” उन्होंने यह भी कहा, “मुझे नहीं लगता कि उनकी इंटेंशन गलत थी,” और यह भी जोड़ा कि उन्होंने खुद उस फैन को माफ कर दिया है।









